Menu

आयोजन

देश के विभिन्‍न भागों में गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्‍वजारोहण समारोह और सशस्‍त्र सेनाओं तथा स्‍कूली बच्‍चों द्वारा परेड के आयोजन किए जाते हैं। इन परेडों का सबसे बड़ा और सबसे महत्‍वपूर्ण समारोह नई दिल्‍ली में कर्त्तव्य पथ पर आयोजित किया जाता है, जिसमें देश की समृद्ध सांस्‍कृतिक विरासत और सैन्‍य शक्ति का प्रदर्शन किया जाता है।


Webcast

इस परेड की अध्यक्षता भारत के राष्ट्रपति करते हैं। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष श्री एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन गणतंत्र दिवस परेड (आरडीपी) 2026 के मुख्य अतिथि थे। गणतंत्र दिवस परेड का एक मुख्य कार्य देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों का सम्मान करना और सैन्य कर्मियों और नागरिकों को वीरता पुरस्कार प्रदान करना है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पीएमआरबीपी) उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने सात श्रेणियों (बहादुरी, कला और संस्कृति, पर्यावरण, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सामाजिक सेवा और खेल) में असाधारण क्षमताओं और उत्कृष्ट उपलब्धियों का प्रदर्शन किया है।

प्रेस विज्ञप्ति : कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड 2026 का विषय वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ।

इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान निम्नलिखित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी:

वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने पर परेड का विषय होगा। 1923 में श्री तेजेंद्र कुमार मित्रा द्वारा बनाई गई चित्रों की एक सीरीज, जिसमें 'वंदे मातरम' के छंदों को दर्शाया गया है और 'बंदे मातरम एल्बम' (1923) में प्रकाशित किया गया है, को आरडीपी 2026 के दौरान कर्तव्य पथ के साथ व्यू-कटर के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा ।

झांकी: इस वर्ष कर्तव्य पथ पर कुल 30 झांकियां (राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से 17 और मंत्रालयों/विभागों/सेवाओं से 13) निकलेंगी ।

सांस्कृतिक प्रदर्शन: गणतंत्र दिवस आयोजन 2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत इस वर्ष कर्तव्यपथ पर लगभग 2,500 सांस्कृतिक कलाकार प्रस्तुति देंगे। प्रस्तुति का विषय है "स्वतंत्रता का मंत्र - वंदे मातरम" और "समृद्धि का मंत्र - आत्मनिर्भर भारत"।

ब‍ीटिंग रिट्रीट समारोह

विजय चौक पर हर वर्ष 29 जनवरी को चार दिवसीय गणतंत्र दिवस समारोह के तौर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि भारत के राष्‍ट्रपति होते हैं जो राष्‍ट्रपति के अंग रक्षकों के साथ एक बग्‍घी में समारोह स्‍थल पर पहुंचते हैं। जब राष्‍ट्रपति का आगमन होता है तो उनके अंग रक्षक राष्‍ट्रीय सलामी देने के लिए एकत्र होते हैं, जिसके बाद भारतीय राष्‍ट्रगान, जन गण मन बजाया जाता है और इसके बाद सामूहिक बैंड वादन सहित भारत का राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया जाता है। समारोह के दौरान सेना का बैंड, पाइप और ड्रम बैंड, बिगुलवादक और बांसुरीवादक अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं और विभिन्‍न धुनें बजाते हैं। इसके अलावा नौ सेना और वायु सेना के बैंड भी कार्यक्रम में हिस्‍सा लेते हैं। भारतीय धुनों पर आधारित सेना के सैन्‍य बैंड द्वारा अनेक धुनें बजाई जाती हैं।

'बीटिंग द रिट्रीट' एक ऐसे राष्‍ट्रीय गर्व की घटना के रूप में आयोजित की जाती है जब रंगों और वर्णों की परेड की जाती है। यह समारोह 1950 की शुरूआत में आरंभ किया गया था जब भारतीय सेना के मेजर रॉबर्ट्स ने सामूहिक बैंड के प्रदर्शन का एक अनोखा समारोह स्‍वदेशी रूप से आरंभ किया। 'बीटिंग द रिट्रीट' शताब्दियों पुरानी सैन्‍य परम्‍परा का प्रतीक है जब सेनाएं युद्ध समाप्‍त करके लौटती थी और युद्ध के मैदान से वापस आने के बाद अपने अस्‍त्र शस्‍त्र उतार कर रखती थीं और सूर्यास्‍त के समय अपने शिविर में लौट आती थीं। इस समय झण्‍डे नीचे उतार दिए जाते थे। यह समारोह उस बीते समय की याद दिलाता है।

सबसे बड़ा समारोह नई दिल्‍ली में आयोजित किया जाता है जहां ध्‍वजारोहण के बाद परेड की जाती है और जिसमें भारत की समृद्ध सांस्‍कृतिक विरासत और सैन्‍य शक्ति का प्रदर्शन किया जाता है।